भिंड विधानसभा क्षेत्र में बीते दो वर्षों के विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को शहर के सर्किट हाउस में विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में भिंड क्षेत्र के लिए 660 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। नगर पालिका से नगर निगम बनने की प्रक्रिया को उन्होंने भिंड के विकास में मील का पत्थर बताया। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि भिंड नगर पालिका को नगर निगम बनाए जाने की अधिसूचना जारी हो चुकी है और इसके लिए नगरीय प्रशासन विभाग भोपाल से प्रशासकीय स्वीकृति भी मिल गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा। 50 करोड़ से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत
विधायक ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से कई स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 126.80 करोड़ रुपए की लागत से सीवर प्रोजेक्ट के दूसरे चरण को मंजूरी दी गई है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 149 करोड़ रुपए की लागत से बाइपास रिंग रोड का निर्माण कराया जा रहा है। नुन्हाटा क्षेत्र में फूड पार्क निर्माण की लगभग तैयारी
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भिंड मेडिकल कॉलेज की बाउंड्रीवाल का निर्माण पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही कॉलेज भवन के निर्माण के लिए निविदाएं जारी की जाएंगी। शिक्षा के क्षेत्र में नयागांव सगरा में महाविद्यालय भवन निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। वहीं, रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से नुन्हाटा क्षेत्र में फूड पार्क निर्माण की योजना स्वीकृत की गई है, जिसके लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। ग्रामीण और शहरी कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कचौंगरा क्षेत्र में क्वारी नदी पर 19 करोड़ रुपए की लागत से पुल निर्माण को मंजूरी दी गई है। शहर की रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुभाष तिराहा से इंदिरा गांधी चौराहा सहित शहर के दस प्रमुख मार्गों पर हाईमास्ट लाइटें स्वीकृत की गई हैं। विधायक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की 20 पंचायतों में सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया गया है। साथ ही बिजली आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए चार नए सब-स्टेशन और 70 नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में कुल 37 बड़े प्रोजेक्ट या तो संचालित हैं या जल्द शुरू होने वाले हैं, जिससे भिंड की तस्वीर आने वाले समय में पूरी तरह बदल जाएगी।


