लुधियाना| थाना सदर की पुलिस ने एक इंटीरियर डिजाइनर से लाखों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पक्खोवाल रोड स्थित ओमैक्स फ्लैट्स निवासी उद्योगपति राम चंद्र जलान और उनकी पत्नी निर्मला देवी जलान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई इंडस्ट्रियल एरिया निवासी जतिन सूद की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता जतिन सूद के अनुसार, वर्ष 2025 की शुरुआत में आरोपी ने अपने नए फ्लैट का इंटीरियर और फर्नीचर का काम उन्हें सौंपा था। जुलाई तक अधिकांश काम पूरा होने के बाद, राम चंद्र जलान ने अपनी ‘गोल्डन जुबली एनिवर्सरी’ का हवाला देकर शेष काम जल्द पूरा करने को कहा और वादा किया कि समारोह के बाद पूरी राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। हालांकि, काम पूरा होने और समारोह बीतने के बाद जब जतिन ने अपनी बकाया राशि मांगी, तो दंपत्ति ने भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़ित द्वारा अगस्त 2025 में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई लिखित शिकायत की साढ़े तीन महीने तक गहन जांच की गई। जांच के बाद थाना सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


