भास्कर न्यूज | लुधियाना शिवपुरी इलाके की गली नंबर-10 में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब घर के बाहर कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात झगड़े में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला पथराव और गाली-गलौज तक पहुंच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले कार खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से एक-दूसरे पर पत्थर फेंके जाने लगे। शोर-शराबा और पथराव के कारण इलाके में दहशत का माहौल बन गया। देर रात तक गली में हंगामा चलता रहा, जिससे आसपास के लोग भी परेशान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। पुलिस ने किसी तरह हालात को काबू में किया और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


