झारखंड राज्य सहज योग रांची चैप्टर द्वारा आयोजित पूर्वी भारत क्षेत्रीय युवा शक्ति सेमिनार की महाराजा अग्रसेन भवन में शुरुआत हुई। तीन दिवसीय सेमिनार में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, असम, उत्तर-पूर्व भारत एवं झारखंड से बड़ी संख्या में युवा शक्ति भाग ले रही है। सेमिनार की शुरुआत स्वागत गीत, श्रीगणेश वंदना और पुष्प अर्पण के साथ हुई। वक्ताओं ने बताया कि सहज योग की स्थापना श्रीमाता निर्मला देवी द्वारा की गई, जो समाज को समर्पित एक महान आध्यात्मिक धरोहर है। उसके बाद युवा शक्ति के जीवन में ध्यान का महत्व विषय पर सहज योग ध्यान द्वारा जीवन में आने वाले परिवर्तनों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में सहज योग पर झारखंड के ट्रस्टी जगदीश मोहता, झारखंड राज्य के समन्वयक बृजभूषण लाल, क्षेत्रीय युवा शक्ति राज्य समन्वयक गोकुल मोहता मौजूद रहे।


