डिवाइडर से टकराया सिर, मौके पर ही गई बाइक सवार की जान, वाहन चालक फरार

लुधियाना| लुधियाना के लुहारा पुल पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में पति, पत्नी और उनकी 20 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पति की हालत चिंताजनक बनी हुई है। थाना सदर की पुलिस को दी शिकायत में गगन नगर निवासी राजवंत कौर ने बताया कि वह अपने पति हरदेव सिंह (58) और बेटी हरसिमरन कौर (20) के साथ एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर गुरुद्वारा मंजी साहिब में माथा टेकने गई थीं। दर्शन के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तो जैसे ही उनका स्कूटर लुहारा पुल पर पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद की और घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, राजवंत कौर और उनकी बेटी हरसिमरन कौर की एक-एक बांह टूट गई है और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं। वहीं हरदेव सिंह को शरीर के अन्य अंगों में गंभीर चोटें लगी हैं, जिस कारण उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि होश में आने के बाद ही उनकी स्थिति को लेकर कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। थाना सदर की पुलिस ने राजवंत कौर की शिकायत पर दुगरी निवासी ट्रक चालक मलकीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। भास्कर न्यूज़ | लुधियाना लुधियाना के जालंधर बाईपास के नजदीक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार का सिर डिवाइडर से जा टकराया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसकी नाक की हड्डी टूट गई और एक आंख बाहर आ गई। गंभीर हालत में व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना दरेसी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रखवा दिया गया। थाना दरेसी के एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिस कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। एएसआई के अनुसार, हादसे की सूचना पर पहले थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन घटनास्थल उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं होने के कारण अब थाना दरेसी की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक की बाइक किसी अन्य सब-डिवीजन की प्रतीत हो रही है, जिसे ट्रेस कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण जांच में दिक्कत आ रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान और फरार वाहन की तलाश के प्रयास जारी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *