भास्कर न्यूज | लुधियाना सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने लुधियाना पुलिस को अलर्ट कर दिया। वीडियो में एक बदमाश अपने दो साथियों के साथ बैठकर माउजर की मैगजीन में गोलियां भरता नजर आ रहा है। वीडियो के दौरान हथियार लहराए जा रहे हैं और धमकी भरी बातें भी की जा रही हैं। वीडियो में बदमाश के साथी उससे मजाकिया अंदाज में पूछते हैं कि गोलियां किसके लिए हैं। इस पर वह कहता है,“पांच गोलियां हैं, अब किसके नाम की हैं, ये भगवान ही जाने।” इस बयान के बाद वीडियो और भी सनसनीखेज हो जाता है। वीडियो में तीन युवक दिखाई दे रहे हैं। गोलियां भरने वाले बदमाश को उसके साथी “मट्ठी” कहकर बुलाते हैं, जबकि बाकी दो युवकों को जग्गी और जोरा कहा जा रहा है। वीडियो कॉल के दौरान हथियार दिखाए जाते हैं और मारपीट व हत्या की धमकियां भी दी जाती हैं। एक युवक हथियार लहराते हुए विक्ट्री साइन बनाता भी नजर आता है। वीडियो सामने आते ही लुधियाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मट्ठी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मट्ठी एक शातिर चेन स्नैचर है और उसके खिलाफ पहले भी स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मट्ठी से पूछताछ कर रही है कि वीडियो में दिख रहा हथियार कहां है और उसे कहां से लाया गया। पुलिस अब उसके दोनों साथियों की तलाश में जुटी है। साथ ही दरेसी इलाके के एक गैंगस्टर से उसके संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी को आगे की गहन पूछताछ के लिए सीआईए स्टाफ के हवाले किया जा सकता है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।


