हरियाणा के 4 IAS अफसरों को न्यू ईयर में प्रमोशन:प्रमुख सचिव के बराबर सैलरी-भत्ते मिलेंगे; इनमें दिवंगत IPS पूरन की पत्नी भी शामिल

हरियाणा सरकार ने साल के पहले ही दिन 4 IAS को प्रमोशन का गिफ्ट दिया है। इनमें दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी कुमार, विजय दहिया के अलावा केंद्रीय डेपुटेशन पर गए विकास गुप्ता व पंकज यादव शामिल हैं। सरकार ने इन चारों को हायर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (HAG) के तहत प्रमोशन दी है। अब उन्हें संभागीय आयुक्त, प्रमुख सचिव के बराबर सैलरी और भत्ते मिलेंगे। बता दें कि IAS अमनीत के पति IPS पूरन कुमार ने पंचकूला में अपने घर पर ही गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। प्रमोशन का नोटिफिकेशन… क्या होता है हायर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड
हायर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (HAG) भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में वरिष्ठ स्तर का होता है, जो संभागीय आयुक्त, प्रमुख सचिव और अपर सचिव जैसे पदों के बराबर है। ये अधिकारी महत्वपूर्ण मंत्रालयों, विभागों का नेतृत्व करते हैं, और इसके लाभों में हाई सैलरी, सरकारी आवास, वाहन, सिक्योरिटी, पेंशन और स्टडी के लिए छुट्टी शामिल है। हायर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड के फायदे डिटेल में जानिए… पति के लिए इंसाफ मांगने से सुर्खियों में रहीं अमनीत
IAS अमनीत पी. कुमार 2001 बैच की हरियाणा कैडर की एक सीनियर अधिकारी हैं, जो वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त और सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने स्वास्थ्य, वित्त व औद्योगिक विकास जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों में काम किया है। उन्होंने IIT मद्रास से हेल्थ इकोनॉमिक्स में पीएचडी भी की है। IAS अमनीत अपने पति दिवंगत IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार के मामले में हाल ही में चर्चा में आईं, जब उन्होंने अपने पति की मौत के बाद न्याय के लिए आवाज उठाई। उन्होंने अपने पति के सुसाइड मामले में चंडीगढ़ पुलिस में 15 IAS और IPS अफसरों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। इस मामले में जांच जारी है। इसके अलावा विजय दहिया, विकास गुप्ता और पंकज यादव 2001 बैच के अधिकारी हैं। ये अधिकारी भी प्रमोट हुए इनके अलावा 2010 बैच के 5 आईएएस अधिकारियों को सुपर टाइम स्केल (पे मैट्रिक्स लेवल-14) में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति पाने वालों में प्रभजोत सिंह, राजनारायण कौशिक, जितेंद्र कुमार और हेमा शर्मा शामिल हैं। केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर होने के चलते डॉ. गरिमा मित्तल को परफॉर्मा प्रमोशन दी गई है। साथ ही, 2013 बैच के 8 आईएएस अधिकारियों को सिलेक्शन ग्रेड (पे मैट्रिक्स लेवल-13) में पदोन्नत किया गया है। इनमें पार्थ गुप्ता, अजय कुमार, प्रदीप दहिया, संगीता तेतरवाल, मनदीप कौर, प्रतिमा चौधरी और वीरेंद्र कुमार दहिया शामिल हैं। केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर होने के चलते निशांत कुमार यादव को परफॉर्मा प्रमोशन दी गई है। 2017 बैच के 9 आईएएस अधिकारियों को जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (पे मैट्रिक्स लेवल-12) में पदोन्नत किया गया है। इनमें विश्राम कुमार मीणा, स्वप्निल रविंद्र पाटिल, साहिल गुप्ता, डॉ. वैशाली शर्मा, महाबीर प्रसाद, महेंद्रपाल, सतपाल शर्मा, अमर दीप सिंह और सुशील कुमार शामिल हैं। वहीं, 2022 बैच के 7 आईएएस अधिकारियों को सीनियर टाइम स्केल (पे मैट्रिक्स के लेवल-11) में पदोन्नत किया गया है। इन अधिकारियों में अंकित कुमार चैकसे, अंजली श्रोत्रिया, अर्पित सांगल, ज्योति, डॉ. राहुल, शाश्वत सांगवान तथा उत्सव आनंद शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *