जनवरी के पहले व दूसरे सप्ताह में सताएगी सर्दी

भास्कर संवाददाता | दतिया जनवरी के पहले और दूसरे सप्ताह में सर्दी अपना तीखा तेवर दिखाएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस दौरान रात का पारा लगातार नीचे जाएगा, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान में गिरावट का यह दौर दूसरे सप्ताह तक बना रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान सामान्य स्तर पर लौटने की संभावना है, लेकिन ठंड से तुरंत राहत नहीं मिलेगी। मौसम विज्ञान विभाग की निदेशक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, पूरे जनवरी माह में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे नीचे बने रहने का अनुमान है। पहले पखवाड़े के दौरान घना कोहरा छाया रहेगा। मकर संक्राति के बाद कोहरे की संभावना कम रहेगी। आने वाले दो दिनों में घना कोहरा छाएगा और न्यूनतम तापमान गिरेंगे। तीसरे सप्ताह में कड़ाके की सर्दी से राहत रहेगी। धूप खिलेगी। चौथे सप्ताह में भी मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना कम ही रहेगी। बीते 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। अधिकतम तापमान 0.9 ​डिग्री सेल्सियस चढ़कर 17.3 पर आ गया। जबकि न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस चढ़कर 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में करीब 3 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पश्चिमी हवा चली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *