पंजाब के लुधियाना में वर्कर ने अपने साथियों के साथ मालिक के घर पर पथराव व तेजधार हथियारों से हमला किया। वर्कर व उसके साथियों ने गली में जमकर गुंडागर्दी की और मालिक के घर पर पथराव किया। यही नहीं घर के बाहर खड़ी मालिक की कार को भी तोड़ दिया। अब इस हमले की सीसीटीवी फुटेज व वीडियो सामने आई है। वर्कर व उसके साथी जब गली में हमला कर रहे थे तो मालिक ने घर की पहली मंजिल से छुपकर वीडियो बनाया। इसके अलावा घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी यह पूरी घटना कैद हुई। करीब 10 मिनट तक गली में जमकर हंगामा होता रहा। पहले पांच मिनट तो हमलावरों ने पहले तेजधार हथियारों से गेट पर हमला किया और फिर गाड़ी तोड़ दी। उसके बाद हमलावरों ने घर पर पथराव करना शुरू कर दिया। मालिक घर की बालकनी से वीडियो बनाता रहा। उसकी बेटी अंदर से उसे पीछे होने को कहती रही। करीब पांच मिनट तक जमकर गुंडागर्दी हुई। उधर मालिक ने पुलिस को फोन करके बुलाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व वीडियो कब्जे में ले ली है। घटना 31 दिसंबर रात की बताई जा रही है। सीसीटीवी व वीडियो में कैद हुए हमले को सिलसिलेवार जानिए मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद: जानकारी के मुताबिक हमला करने वाले वर्कर को मालिक के बेटे ने किस्तों पर एक फोन दिलाया था। जिसकी वो अब किस्तें नहीं दे रहा था। मालिक के बेटे ने उसे फोन अपनी गारंटी पर बिना घर वालों को बताए दिलाया था। उसी फोन को लेकर दोनों में विवाद हुआ और फिर वर्कर ने अपने दोस्तों को बुलाकर घर पर हमला कर दिया। गली में आकर ललकारे मारने लगे: मुंडियां की रमनदीप कॉलोनी में रहने वाले डीके झा के घर बाहर गली में रात को करीब साढ़े आठ बजे कुछ युवक मोटर साइकिलों पर आते हैं और ललकारे मारकर मालिक के बेटे को बाहर बुलाते हैं। उनमें से कुछ युवकों के हाथ में हथियार दिख रहे है। पहले की गेट तोड़ने की कोशिश: सीसीटीवी फुटेज के अनुसार हमलावरों ने गालियां देने के बाद गेट पर तेजधार हथियार से हमला करना शुरू किया। उसके बाद एक युवक ने सुआ लेकर घर के बाहर खड़ी कार के बोनट पर मारना शुरू किया। गेट पर तेजधार हथियार से हमला करने वाले ने कार को तोड़ना शुरू कर दिया। मालिक बालकनी पर आकर वीडियो बनाने लगा: मालिक का पूरा परिवार घर की पहली मंजिल पर था और घर के अंदर लगी स्क्रीन पर गुंडागर्दी का नंगा नाच देख रहे थे। फिर मालिक बालकनी पर आया और उसने हमलावरों का वीडियो बनाना शुरू किया साथ ही हमलावरों के साथ बहस करने लगा। मालिक को देख पथराव किया: मालिक को बालकनी पर देखकर हमलावरों ने गली में से ईंट पत्थर के रोड़े उठाकर उनकी तरफ फेंकने शुरू कर दिए। मालिक की बेटी उसे अंदर आने को कहती है लेकिन मालिक वहीं डटा रहा। फिर उसकी बेटी उसे जबदरस्ती अंदर लेकर आई। जाते-जाते गली में फिर कार को तोड़ने लगे हमलावर: मालिक जब बालकनी से अंदर चले गया तो हमलावर कार को तोड़ने के बाद मौके से चले गए। फिर वहां पर कुछ और लोग आए तथा आसपास के लोग बाहर निकले। करीब 10 मिनट तक वहां पर जमकर हंगामा होता रहा। करीब आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस: मालिक डीके झा ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस आधे घंटे बार मौके पर पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। डीके झा ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सीसीटीवी व वीडियो कब्जे में ली। हालांकि उसके बाद अभी तक पर्चा दर्ज नहीं हुआ है। पैसों के लेन देन को लेकर हुई लड़ाई मुंडियां पुलिस चौकी के इंचार्ज ए.एस.आई हरमीत सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है। बयान लेकर कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रुपयों को लेकर ही दोनों पक्षों में विवाद हुआ। कार तोड़ने वाला पीड़ित का ही वर्कर है।


