भास्कर न्यूज | अमृतसर डयूटी के दौरान बिजली विभाग के लाइमैन पर किरपान से हमला करने के आरोप में पुलिस ने वेशधारी अज्ञात निहंग के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में तेजिंदर सिंह निवासी सुल्तानविंड रोड ने बताया कि वह बिजली विभाग में सरकारी लाइनमैन के पद पर तैनात है। उसने पुलिस को बताया कि 29-30 दिसंबर की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे बाजार भगतांवाला इलाके में बिजली की तारें टूटने की सूचना मिली थी। इस पर वह अपने साथी कर्मचारियों सन्नी और साहिल के साथ मौके पर पहुंचा। तारें टूटने के कारण इलाके में सप्लाई चालू थी और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वह मौके पर अकेला खड़ा था, जबकि सन्नी और साहिल को सीढ़ी लाने के लिए चाटीविंड चौक भेजा गया। इसी दौरान बैटरी रिक्शा पर सवार एक निहंग सिंह वहां से गुजर रहा था। तेजिंदर सिंह ने उसे टूटी हुई तारों के बारे में सावधान करते हुए संभलकर निकलने को कहा। तो आरोपी निहंग सिंह ने रिक्शे से उतरकर किरपान निकाल ली और उस पर पर हमला कर दिया। बचाव करते समय तेजिंदर सिंह की बाईं बाजू और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर जब सन्नी और साहिल मौके पर पहुंचे तो घायल तेजिंदर सिंह को तुरंत गुरु रामदास अस्पताल वल्ला में दाखिल करवाया गया।


