जन्मदिन वाले दिन दोस्तों के साथ बटाला से श्री दरबार साहिब माथा टेकने आया था गोपाल

भास्कर न्यूज | अमृतसर 4 दिन पहले रेलवे स्टेशन के बाहर रोड पर संदिग्ध हालात में शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहचान के लिए रख दिया था। 72 घंटे बीत जाने के बाद भी जब शव की पहचान नहीं हुई तो शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर संस्कार करने की कार्रवाई शुरू करनी थी। इतने में मृतक के परिजन बटाला से सिविल लाइन थाना में पहुंच गए। परिजन 5 दिन से लापता बच्चे को ढूंढने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्हें पता चला कि अमृतसर में एक अज्ञात शव 4 दिन पहले मिला था तो पहचान करने के लिए आ गए। परिजनों ने जब शव देखा तो तुरंत पहचान कर ली। मृतक की पहचान गोपाल सिंह उर्फ आकाश (25) निवासी हरनाम नगर गोल्डन वाली गली बटाला के रूप में हुई है। बेटे का शव देख मां दलजीत कौर और भाई सवनप्रीत सिंह का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। भाई सवनप्रीत सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर को उनके भाई आकाश का जन्मदिन था। वह अपने 2 से 3 साथियों के साथ माथा टेकने के लिए श्री दरबार साहिब जा रहा हूं, बोलकर गया था। वह रात साढ़े 8 बजे बटाला ट्रेन से सवार होकर अमृतसर गया। उसके बाद वापस नहीं आया। 29 दिसंबर सुबह से फोन लगा रहे थे, लेकिन बंद आ रहा था। जो साथ थे उन्हें ही पता होगा कि आकाश की मौत कैसे हुई। थाना सिविल लाइन एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के असल कारण का पता चलेगा। उसके बाद आगे कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *