आगजनी से 450 एकड़ से भी अधिक पैरावट जलकर राख

भास्कर न्यूज | दामापुर कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतपुरी, पटुवा डोंगरिया, अतरिया और आसपास के गांवों में धान कटाई के बाद रखे पैरावट में लगातार आग लगने की घटनाएं बढ़ रही है। इसने किसानों में डर और चिंता पैदा कर दी है। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि अब तक लगभग 20 किसानों के 450 एकड़ से अधिक पैरावट में आग लगी है। किसानों का कहना है कि आगजनी लगातार हो रही है और अज्ञात व्यक्ति रात के अंधेरे में पैरों में आग लगाकर फरार हो जाता है। इस कारण किसान रतजगा कर पैरावट को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, लगातार आग लगने की वजह से उनका लाखों का नुकसान हो चुका है। सालिक राम यदु, मनिकाराम यदु, रामकिशोर वैष्णव, उमेद यदु और अश्वनी यदु ने बताया कि पैरावट में आग लगने से न केवल उनका पैरा जल गया। बल्कि गांव के पशुओं के लिए चारा भी बर्बाद हो गया। पूर्व जनपद सदस्य अश्वनी यदु, ग्राम सरपंच दिलीप बघेल और डोगरिया सरपंच विश्राम यादव सहित आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की। पीड़ित किसानों ने कुंडा थाना के दामापुर चौकी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में शिकायतकर्ता लखपति विश्वकर्मा ने बताया कि शिकायत दर्ज कराए 15 दिन बीत गए, लेकिन अभी तक किसी आरोपी का पता नहीं चला और कोई कार्रवाई नहीं हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *