मुरैना जिले में नए साल की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है। सर्द हवाओं और बादलों के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे ठिठुरन भरी सर्दी पड़ रही है। न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अभी कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे। जिले में अब तक सर्दी सामान्य थी, लेकिन पिछले तीन दिनों से (नव वर्ष 2026 से) ठिठुरन बढ़ गई है। लगातार बादल छाए रहने और धूप न निकलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सर्द हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से घटकर 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री से घटकर 19 डिग्री पर आ गया है। यानी तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट आई है। फसलों को खतरा नहीं, 5 डिग्री पर नुकसान का डर
मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप तोमर ने बताया कि सर्द हवाओं और बादलों की वजह से तापमान गिरा है। अभी सरसों, गेहूं और चना की फसलों को इससे कोई नुकसान नहीं होगा। वर्तमान में तापमान 7 डिग्री है। जब तापमान 5 डिग्री तक पहुंचता है और पाला पड़ता है, तब फसलों को नुकसान होता है। लेकिन अभी ऐसी स्थिति नहीं है। हार्ट और सांस के मरीज रखें विशेष ध्यान
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र तोमर ने लोगों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और बच्चों को अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हार्ट और सांस के मरीजों को अपना विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।


