बादलों की चादर में लिपटा चित्तौड़गढ़:न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी लेकिन ठंड का असर लगातार बरकरार

चित्तौड़गढ़ में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद ठंड का असर बढ़ गया हैं। शनिवार की सुबह भी लोगों ने ठंड के साथ शुरुआत की। सुबह से ही आसमान पूरी तरह बादलों से ढका रहा और 9:30 बजे तक भी धूप नहीं निकली। बादलों और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सुबह-सुबह सर्दी का ज्यादा अहसास हुआ। खासतौर पर कामकाजी लोग और स्कूल जाने वाले बच्चे ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। बारिश के बाद बढ़ी ठिठुरन, दिन में भी महसूस हुई ठंड गुरुवार को हुई बारिश के बाद से ही मौसम में ठंडक और बढ़ गई। शुक्रवार को दिनभर ठंड का प्रभाव देखने को मिला। दोपहर के समय भी ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे दिन का तापमान ज्यादा नहीं बढ़ पाया। अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। रात में भी ठंडी हवाओं का असर लेकिन न्यूनतम तापमान बढ़ा शुक्रवार रात को भी ठंडी हवाओं ने ठंड का असर बनाए रखा। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान बढ़ने के बावजूद ठंडी हवाओं और नमी के कारण सर्दी का अहसास कम नहीं हुआ। रात के समय खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड ज्यादा महसूस की गई, जिससे लोगों ने अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लिया। तापमान में गिरावट होने की चेतावनी मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले 2 से 3 दिनों में घना कोहरा छाने की संभावना है। कोहरे के असर से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही 4 से 5 जनवरी के दौरान कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह और रात के समय यात्रा करने वाले लोगों को कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *