हरियाणा के फरीदाबाद में चलती ट्रेन में एक सुखद नजारा देखने को मिला है। श्री माता वैष्णो देवी कटरा से आ रही ट्रेन में एक महिला ने बेटी को जन्म दिया। यह महिला की प्रीमैच्योर (समय से पहले) डिलीवरी थी, क्योंकि महिला केवल 8 माह की ही गर्भवती थी। इसके बाद भी ट्रेन में मौजूद दूसरी महिलाओं ने गर्भवती की पीड़ा देखकर सीट पर पर्दा लगाया और खुद ही उसकी डिलीवरी करवा दी। बाद में रेलवे विभाग को सूचना देकर ट्रेन स्टेशन पर रुकवाई गई और महिला व उसकी बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। महिला का नाम अभिलाषा है। वह अपने पति जवाहर लाल के साथ ट्रेन में सफर कर रही थी। यह दंपती मध्यप्रदेश में पन्ना जिले के गांव सिटौली का रहने वाला है। डिलीवरी के बाद के 2 PHOTOS… रेलवे अधिकारी ने यह जानकारी दी… 26 मिनट तक ट्रेन को स्टेशन पर रोका गया
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही रेलवे हरकत में आया। किसी यात्री ने रेलवे कंट्रोल रूम नंबर 139 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद ट्रेन को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रोका गया। महिला के लिए ट्रेन 26 मिनट तक स्टेशन पर रुकी थी। रेलवे मेडिकल के महिला स्टाफ ने मौके पर आकर मां और बेटी के नाड़े को काटकर सुरक्षित किया। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी महिला पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों को एम्बुलेंस के जरिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया। अब महिला और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। अधिकारी ने बताया है कि महिला अभी अस्पताल में है। उसकी जरूरी मेडिकल प्रक्रिया पूरी की गई। आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।


