दमोह के हटा थाना क्षेत्र के कंजरा मड़िया गांव में एक पड़ोसी ने पति-पत्नी और उनके बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शनिवार सुबह की है। दरअसल, दोनों पक्षों में कचरा फेंकने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित परिवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर दर्ज किया मामला घायलों में ज्ञान सिंह, उनकी पत्नी कल्लो बाई और बेटे महेंद्र सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पति-बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला, बीच-बचाव करने पहुंची महिला घायल घायल कल्लो बाई ने बताया कि उनके आंगन में पड़ोसी बलई सिंह ने कचरा फेंक दिया था। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो बलई सिंह ने कुल्हाड़ी से उनके पति ज्ञान सिंह और बेटे महेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। कल्लो बाई जब बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उन पर भी हमला किया गया। परिवार के अन्य सदस्यों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी बलई सिंह वहां से भाग निकला। घटना की सूचना हटा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


