डीडवाना में घना कोहरा, जनजीवन प्रभावित:शीतलहर के बाद तापमान 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

डीडवाना में दो दिन चली कड़ाके की शीतलहर के बाद अल सुबह घना कोहरा छा गया। इसके चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। शीतलहर और कोहरे के संयुक्त प्रभाव से जिले का तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तड़के करीब चार बजे से कोहरा छाना शुरू हुआ, जो सुबह होते-होते और भी घना हो गया। डीडवाना जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम रही। जिले से गुजरने वाले किशनगढ़–हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर कोहरे का सबसे ज्यादा असर देखा गया, जहां विजिबिलिटी घटकर महज 10 मीटर तक रह गई। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। शीतलहर और घने कोहरे से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह के समय लोग घरों से निकलने से बचते दिखाई दिए, वहीं ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। बाजारों और सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम दर्ज की गई। हालांकि, यह घना कोहरा किसानों के लिए राहत लेकर आया है। किसानों का कहना है कि कोहरे से फसलों को पर्याप्त नमी मिल रही है, जिससे सिंचाई की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। यह स्थिति रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही, आमजन से सर्दी से बचाव के लिए सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *