उज्जैन में घना कोहरा, कड़ाके की ठंड:जेट स्ट्रीम हवाओं से ठिठुरन बढ़ी, पारा 13.3 डिग्री

उज्जैन में शुक्रवार से कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। शनिवार सुबह से ही शहर में हल्के कोहरे की चादर छाई रही, जिससे दिनभर सर्द हवाओं का असर महसूस किया गया। जेट स्ट्रीम हवाओं के सक्रिय होने से ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्टूबर से शुरू हुए सर्दी के मौसम में यह पहला मौका है, जब दिन के समय भी कोहरे और ठंडी हवाओं का असर साफ दिखाई दिया। आमतौर पर कोहरा अलसुबह या देर रात तक ही सीमित रहता था, लेकिन गुरुवार को दिन चढ़ने के बाद भी शहर में हल्का कोहरा बना रहा। इससे दृश्यता प्रभावित हुई और आमजन को अधिक ठंड महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण अरब सागर से आई नमी से बादलों की यह स्थिति बनी है। उत्तर भारत के ऊपर उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं सक्रिय हैं, जिसके प्रभाव से मैदानी इलाकों में ठंड का असर बढ़ गया है। जीवाजी वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार-शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह आर्द्रता का स्तर 89 प्रतिशत और शाम को 81 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को न्यूनतम तापमान और गिरकर 13.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह हवा की गति लगभग शून्य रही, जबकि शाम के समय यह 6 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। जेट स्ट्रीम हवाओं के प्रभाव से सर्द हवाएं अपना असर दिखाती रहेंगी। शहर और आसपास के इलाकों में कहीं हल्का तो कहीं मध्यम कोहरा छाए रहने के संकेत हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *