सवाई माधोपुर:शहर के पुराने क्षेत्र स्थित खंडार बस स्टैंड पर शनिवार दोपहर उस समय हंगामा हो गया, जब राजस्थान रोडवेज की बस के कंडक्टर पर यात्रियों से दुर्व्यवहार और गलत टिकट काटने के आरोप लगे। टिकट से ज्यादा रुपए लेने के आरोप लगाए सवाई माधोपुर निवासी चित्रा शर्मा ने बताया कि राजस्थान रोडवेज की एक बस बारां से जयपुर जा रही थी, जिसमें बारां से कई यात्री सवार थे। बस श्योपुर में कुछ देर के लिए रुकी, जहां कई यात्री टॉयलेट के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान बस कंडक्टर ने अचानक बस चलाने की सीटी बजा दी, जिससे कई यात्री वहीं छूट गए।चित्रा शर्मा ने बताया कि वह और उनकी बेटी दौड़कर बस में चढ़ने में सफल रहीं, लेकिन कंडक्टर द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका वास्तविक किराया 75 रुपये था, जबकि कंडक्टर ने 230 रुपये का टिकट काट दिया। इसी तरह अन्य यात्रियों के साथ भी गलत टिकट काटने और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए। वहीं, इस मामले में बस कंडक्टर दिलशाद का कहना है कि बस का निर्धारित समय हो चुका था और निजी बस संचालकों द्वारा अधिक देर तक बस रोकने का विरोध किया जाता है, इसी कारण बस को आगे बढ़ाना पड़ा। घटना के बाद सड़क रोडवेज खड़े रहने से बस स्टैंड पर कुछ देर के लिए जाम के हालात भी बन गए।


