जोधपुर में आज दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत फैल गई। बदमाशों ने सरेराह एक युवक को गोली मारी दी। युवक को मथुरादास माथुर (MDM) हॉस्पिटल ले जाया गया। गोली किसने और क्यों चलाई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वारदात की सूचना पर प्रताप नगर थानाधिकारी भवानी सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एडीसीपी (वेस्ट) रोशन मीणा ने भी घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। युवक को गोली मारकर भागे
घटना कमला नेहरू नगर के हुडको क्वार्टर चौराहे की आज दोपहर साढ़े 3 बजे की है। फायरिंग में चांदणा भाखर, शिव कॉलोनी निवासी आकाश राव घायल हो गया। बदमाशों ने उसके पैर पर गोली मारी है। अतिक्रमण और बदमाशों के अड्डे बनी मुसीबत
स्थानीय लोगों के मुताबिक- पिछले कुछ साल से हुडको क्वार्टर चौराहे पर हालात लगातार भयावह होते जा रहे हैं। चौराहे पर अवैध अतिक्रमण की भरमार है, जिससे आम वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि बदमाश प्रवृत्ति के लड़के सुबह से शाम तक यहां थड़ियों और चौराहे के पास खुली जगहों पर अड्डे बनाकर बैठे रहते हैं। नाक के नीचे अपराध, सिस्टम खामोश
रहवासियों का आरोप है कि यहां कई बार महिलाओं और बच्चियों से छेड़छाड़ की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस ने कभी इन अड्डों पर सख्ती से नकेल नहीं कसी। सिस्टम की लाचारी का आलम यह है कि नगर निगम का वार्ड कार्यालय इसी चौराहे पर स्थित है। इसके बावजूद निगम अधिकारियों ने अपनी नाक के नीचे बेतहाशा बढ़े अतिक्रमण पर कभी अंकुश नहीं लगाया। पुलिस और प्रशासन की इसी अनदेखी का परिणाम है कि आज बेखौफ बदमाशों ने सरेआम फायरिंग कर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। खबर अपडेट की जा रही है…


