दमोह में गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार दोपहर सिख समाज ने नगर कीर्तन निकाला। मोरगंज गल्ला मंडी गुरुद्वारे से शुरू हुआ यह संकीर्तन शहर के प्रमुख रास्तों से होता हुआ वापस गुरुद्वारे पर समाप्त हुआ। इस दौरान पंजाब से आए कलाकारों के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे। इंद्रजीत सिंह अरोरा ने जानकारी दी कि 5 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व है, जिसकी तैयारी में यह नगर कीर्तन निकाला गया। यह यात्रा घंटाघर और बस स्टैंड जैसे शहर के मुख्य इलाकों से गुजरी। संकीर्तन में सिख समाज की महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। रास्ते भर विभिन्न समाजों के लोगों ने नगर कीर्तन का जोरदार स्वागत किया। हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन नगर कीर्तन में सबसे ज्यादा चर्चा पंजाब से आए अखाड़े के कलाकारों की रही। कलाकारों ने अपनी बहादुरी और कला का प्रदर्शन करते हुए तलवारबाजी और आंखों पर पट्टी बांधकर नारियल फोड़ने जैसे खतरनाक करतब दिखाए। इन प्रदर्शनों को देखने के लिए सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। 5 जनवरी को मनेगा मुख्य पर्व प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को भी गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजाए जाएंगे और धार्मिक आयोजन होंगे। वहीं, 5 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।


