धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के इच्छापुरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गुड़िया (24) पत्नी पंकज के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग सात माह पहले हुई थी। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीहर पक्ष का आरोप है कि गुड़िया को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पीहर पक्ष को सूचित किए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पीहर पक्ष ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने बताया कि इच्छापुरा गांव में नवविवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध लग रहा है। पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि मृतका का पीहर पक्ष धौलपुर जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र के घड़ी तुलसी गांव का निवासी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।


