नए साल की शुरुआत के साथ ही पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल में ठंड का सितम शुरू हो गया है। पंजाब और चंडीगढ़ में शीतलहर और धुंध की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते 7 तारीख तक लोगों को धुंध का सामना करना पड़ेगा। कोहरे के कारण ही आज लुधियाना में एक कार सूए के पुल से नीचे गिर गई। वहीं, हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते 24 घंटे के दौरान बर्फबारी हो रही है। लाहौल स्पीति के कोकसर, सिस्सू, रोहतांग, कुंजम, शिंकुला दर्रा, बारालाचा व अटल टनल रोहतांग के अलावा चंबा के जोत व मणिमहेश, शिमला के कुफरी व नारकंडा और कुल्लू के सोलंग नाला में भी बर्फ के फाहे गिरे। 5 शहरों का पारा माइनस में चला गया है, जिनमें कुकुमसेरी में रात का पारा माइनस -6.2 डिग्री, ताबो में माइनस -6.8, कल्पा माइनस -3 डिग्री, कुफरी में माइनस -0.1 और नारकंडा में माइनस -1.0 डिग्री तक गिर चुका है। कुफरी और नारकंडा में भी इस विंटर सीजन में पहली बार तापमान माइनस में गया। उधर, पंजाब में भी अब रातें और ज्यादा ठंडी होंगी। मौसम विभाग ने कल तक धुंध और शीत लहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि आगे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पटियाला पठानकोट और हलवारा में भी तेज हवाएं चलीं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। हालांकि, पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दोबारा मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। सबसे कम अधिकतम तापमान फरीदकोट में 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लुधियाना में कार सूए के पुल से नीचे गिरी लुधियाना के जगराओं स्थित गांव गालिब कलां में घने कोहरे के बीच सूए के पुल पर बिना चेतावनी खतरनाक मोड़ के कारण कार नीचे गिरकर पलट गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान अमरगढ़ कलेर निवासी रणजीत सिंह के रूप में हुई है। पंजाब में शनिवार से कड़ाके की सर्दी की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, कल यानी शनिवार से कड़ाके की सर्दी पड़ेगी, क्योंकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। ठंडी हवाएं चलेंगी और धुंध बनी रहेगी। आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में शीत लहर चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हिमाचल में अगले 72 घंटे शीतलहर का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले 72 घंटे तक शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। यह अलर्ट ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा जिले के लिए दिया गया है। इस अलर्ट को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जाहिर है कि अगले तीन दिनों को दौरान तापमान में गिरावट आएगी। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान पहले ही सामान्य से नीचे लुढ़क गया है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम हो गया है। लाहौल स्पीति के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री से नीचे गिर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दिसंबर में बारिश नहीं हुई। एक से 31 दिसंबर के बीच सामान्य से 99% कम बारिश दर्ज हुई। इस अवधि में 0.2 मिलीमीटर हुई, जबकि 36.2 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। सिर्फ लाहौल-स्पीति में 0.7 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले 1902, 1907, 1925, 1939 और 1993 में ऐसा हुआ है। इस बार 32 साल ऐसा हुआ है जब दिसंबर सूखा गया है। पंजाब में अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम इन शहरों में छाया रहेगा घना कोहरा
इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा रह सकता है। जबकि फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में कुछ जगहों पर घना कोहरा रहने की संभावना है। मौसम ड्राई रहने की उम्मीद है।


