सागर के कर्रापुर में मारपीट में घायल हुए सराफा व्यापारी की इलाज के दौरान भोपाल के अस्पताल में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समय पर सख्त कार्रवाई नहीं की। इसलिए आरोपियों ने हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया है। एसपी ऑफिस शिकायत करने पहुंची पत्नी ज्योति सोनी ने बताया कि पति जितेंद्र सोनी निवासी कर्रापुर सोने-चांदी का काम करते थे। 22 दिसंबर को पड़ोस में रहने वाले मेडिकल संचालक मूलचंद विश्वकर्मा ने बैडमिंटन की शटल घर में जाने को लेकर हुए विवाद में नाबालिग बेटे हर्ष सोनी और आदर्श सोनी के साथ डंडों से मारपीट की थी। जिससे हर्ष को कान में गंभीर चोट लगी थी। उसका इलाज अस्पताल में चला। मामले में पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। पिता पर रॉड और डंडों से हमला किया
इसी बीच 25 दिसंबर को आकाश राय ने अपने साथियों के साथ मिलकर जितेंद्र सोनी पर हमला कर दिया। मारपीट की। मारपीट में वे गंभीर घायल हुए। परिजन ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से भोपाल रेफर किया गया। भोपाल में इलाज के दौरान शुक्रवार को जितेंद्र सोनी की मौत हो गई। मौत की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। परिवार के लोगों ने शिकायती आवेदन सौंपकर मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के लोग मौजूद थे।


