मंडला जिले के नैनपुर रेलवे म्यूजियम में नए साल के जश्न के दौरान दो गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस हिंसक झड़प का वीडियो शनिवार को सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, नैनपुर में नए साल के स्वागत के लिए पार्टी का आयोजन किया गया था। शुरुआत में माहौल सामान्य था, लेकिन अचानक किसी बात को लेकर युवकों के दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। पार्टी में मौजूद आयोजकों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें शांत करने की कोशिश की, लेकिन युवक नहीं माने। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है। पुलिस ने शुरू की आरोपियों की पहचान वीडियो सामने आने के बाद नैनपुर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर विवाद में शामिल युवकों की पहचान करने में जुट गई है, ताकि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।


