छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में युवक ने युवती को बर्थडे विश किया तो उसके मंगेतर ने इसका विरोध किया। इस पर गुस्साए युवक ने मंगेतर के घर घुसकर हमला कर दिया। उसने पहले गाली-गलौज की और फिर घर के अंदर बांस के डंडे से मारपीट की। फिर आरोपी ने धारदार चाकूनुमा कटारी दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। यह मामला लालबाग थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री का है। जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, पेण्ड्री गांव के टुकेश उर्फ बाबू की मंगेतर का 31 दिसंबर को बर्थडे था। देवीलाल साहू ने टुकेश की मंगेतर को बर्थडे विश किया। इसे लेकर टुकेश ने विरोध किया। जिसे लेकर दोनों के बीच हो गया था। लेकिन दोनों के बीच आपसी सहमति से इस मामले को लेकर सुलझा लिया गया था। लेकिन मामला 1 जनवरी की शाम करीब 7 बजे बिगड़ गया। टुकेश अपने घर के बाहर आग ताप रहा था। तभी देवीलाल साहू अपने दोस्त सुनील मरकाम उर्फ टिर्रू, कमरान और बबलू के साथ मौके पर पहुंचा। गाली-गलौज के बाद डंडे से पीटा देवीलाल पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए टुकेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब टुकेश ने इसका विरोध किया तो देवीलाल और उसके दोस्त उसके घर में घुस गए फिर उसपर बांस के डंडे से हमला कर दिया। पिटाई के बाद आरोपी ने धारदार कटारी दिखाकर टुकेश को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपी गिरफ्तार इसके बाद पीड़ित टुकेश ने लालबाग थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत की। पीड़ित की शिकायत पर लालबाग थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू ने तुरंत एक टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी देवीलाल साहू (21) और सुनील मरकाम (28) को गिरफ्तार कर लिया। आदतन अपराधी हैं दोनों आरोपी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार कटारी और बांस का डंडा जब्त कर लिया। जांच में पता चला कि पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगी हुई है।


