नरसिंहपुर के बजरंग वार्ड में 9 दिसंबर की रात हुई लता सोनी की हत्या की मामले फरार पति मनोज सोनी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह पत्नी के काम न करने और घर जमाई होने के तानों से तंग आ चुका था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे के अनुसार, आरोपी मनोज सोनी अपनी पत्नी के लगातार किए जाने वाले मानसिक उत्पीड़न से परेशान था। घटना वाली रात पत्नी से उसका विवाद हुआ, जिसमें चाय बनाने से मना करने की बात पर वह और अधिक गुस्सा हो गया। इसके बाद उसने सोते समय पत्नी पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घेराबंदी कर खेत से पकड़ा गया आरोपी 10 दिसंबर को मृतक के बेटे के मित्र ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन जांच में शक की सुई पति पर ही रुकी। पुलिस लगातार रेलवे स्टेशन और नर्मदा घाटों पर उसकी तलाश कर रही थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नरसिंहपुर-करेली हाईवे स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के पीछे एक खेत से आरोपी को धर दबोचा। हथियार और खून से सने कपड़े बरामद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और उसके खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। मनोज ने इन चीजों को टट्टा पुल के पास एक कबाड़ गोदाम में खड़ी पुरानी कार के अंदर छिपा दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


