नक्सल विरोधी अभियानों में इन दिनों पुलिस को लगातार बड़ी कामयाबी मिलती चली जा रही है। गुरुवार को बीजापुर जिले के पामेड़-पुजारीकांकेर इलाके में जवानों ने जो बंकर बरामद किया, वह असल में नक्सलियों की हथियार बनाने की फैक्ट्री थी। पूर्व में भी इस तरह के नक्सलियों के बंकर मिल चुके हैं, लेकिन पहली बार नक्सलियों के बंकर में नक्सलियों की हथियार बनाने की फैक्ट्री जब्त की गई है। इसके अलावा नक्सलियों ने प्रेसनोट जारी कर मुठभेड़ में 12 नहीं, बल्कि 18 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। इसमें एससीएम व पीपीसीएम कैडर के कई नक्सली शामिल हैं। दूसरी ओर इसी फैक्ट्री में नक्सली अपने औजार व कंट्री मेड हथियार बनाते थे। ये कंट्री मेड हथियार नक्सलियों में सबसे सामने चलने वाले संघम व अन्य लोगों को दिए जाते थे। इसके अलावा ये बंकर एक तरह से नक्सलियों की पनाहगाह था, जहां जवानों की मूवमेंट के दौरान नक्सली आसानी से छिप सकते थे। बीजापुर जिले के पामेड़-पुजारीकांकेर में मुठभेड़ के बाद मिला था बंकर मशीन किसने की सप्लाई, पता लगा रहे
हथियार व औजार बनाने के लिए नक्सलियों ने बाकायदा लेथ मशीन स्थापित कर रखी थी। जिस तरह से लेथ मशीन दिख रही थी, उससे यही लगता था कि इसे कुछ सालों पहले ही नक्सलियों ने लगाया है। अब ये लेथ मशीन कहां से खरीदी गई है और इसकी सप्लाई किसने की है, इसकी जानकारी पुलिस के पास नहीं है, लेकिन इसका सुराग भी लगाया जा रहा है। बंकर के अंदर जवानों को कई हथियार व आईईडी भी मिले हैं। नक्सलियों का कहना-12 नहीं 18 हुए थे ढेर
इधर नक्सलियों ने प्रेसनोट जारी कर मुठभेड़ में 12 नहीं, बल्कि 18 नक्सलियों के मारे जाने की बात कही है। नक्सलियों की दक्षिण बस्तर डिवीजनल कमेटी के सचिव गंगा के हवाले से जारी प्रेसनोट में कहा है गुरुवार को हुई मुठभेड़ में नक्सली संगठन के 18 लड़ाकों को जवानों ने मार गिराया है। इसमें एससीएम चोखाराव उर्फ दामोदर, पीपीसीएम हुंगी, पीपीसीएम देवे, पीपीसीएम जोगा, पीपीसीएम नरसिंह राव सहित अन्य शामिल हैं। लगातार जारी रहेंगे ऑपरेशन: आईजी
पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि नक्सलियों की हथियार बनाने का कारखाना ध्वस्त किया है। जवानों को इसमें बड़ी कामयाबी मिली है। हार्डकोर नक्सलियों को ढेर करने के साथ ही हथियारों का कारखाना ध्वस्त किया है। इस साल का ये पहला सफल बड़ा ऑपरेशन है। आने वाले दिनों में इस तरह के ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे।


