लोहड़ी के मौके पर दैनिक भास्कर की तरफ से बेटियों को समर्पित अभियान धीयां दी लोहड़ी/ धीयां दा आलणा की खबरों से प्रेरित होकर नारायणगढ़ स्थित हिमालय वूल्स के मालिकों ने महात्मा स्कूल में पढ़ने वाली बच्चियों को लोइयां भेंट की हैं। स्कूल में 50 बच्चियां पढ़ती हैं और सभी के लिए फर्म के मालिक संदीप सजदे और रजत सजदे ने 50 लोइयां स्कूल प्रबंधन को समर्पित कीं। गौर हो कि दैनिक भास्कर ने उक्त अभियान लोहड़ी तक चलाया था और उसमें उन संस्थाओं को प्रकाशित किया गया था, जो बेटियों की शिक्षा और परवरिश देती हैं। इसी से प्रेरित होकर पहले मेडिको फार्मा के मालिक दिनेश टुटेजा ने वहां पर बच्चों को दस्ताने, मफलर आदि भेंट किए। इसके बाद उनके संपर्क में आए सजदे बंधुओं ने यह सेवा निभाई है। उक्त का कहना है कि दैनिक भास्कर के इस अभियान ने उनको सेवा के लिए प्रेरित किया।


