भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर 1 जनवरी की रात ड्रोन के जरिए भेजी गई 20 करोड़ की 4.88 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप पकड़ी गई। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इनसे पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क का खुलासा हुआ। लॉरेंस गैंग के नाम पर 91 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार हुए। अब तक इस मामले में 11 गिरफ्तार हो चुके हैं। लालगढ़ जाटान पुलिस ने देशी पिस्टल के साथ आरोपी को पकड़ा है। जो पिस्टल बेचने की फिराक में था। घमूड़वाली पुलिस ने 1.572 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ दो तस्करों को धर दबोचा। वहीं, श्रीकरणपुर में अवैध धर्मांतरण के मामले में सेशन कोर्ट ने तीन आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी। अब वे हाईकोर्ट का रुख कर सकते हैं। दिनभर की 5 बड़ी खबरें… भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पकड़ी 20 करोड़ की हेरोइन, तस्करों का पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया श्रीगंगानगर जिले में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए तस्करी की जा रही हेरोइन की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 करोड़ आंकी गई थी। हेरोइन का वजन 4 किलो 88 ग्राम था। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा था। जिनकी पहचान जगदीप सिंह उर्फ लब्बू सिंह (26) निवासी अनूपगढ़, नीटू सिंह उर्फ रवनीत सिंह (21) निवासी डबली राठान हनुमानगढ़ और सतपाल सिंह (27) निवासी घड़साना के रूप में हुई। पुलिस ने आज आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पूछताछ में आरोपियों के मोबाइल से पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क का खुलासा हुआ है, जिसके बाद खुफिया एजेंसियां भी जांच में जुड़ गई हैं। घटना 1 जनवरी की रात की है, जब गश्त के दौरान नहर किनारे संदिग्धों को देखा गया। आरोपियों को लोकेशन की पहले से जानकारी थी, जहां पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन से हेरोइन के पैकेट गिराए थे। लॉरेंस गैंग के लिए रंगदारी मांगने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, अब तक 11 पकड़े लॉरेंस गैंग के लिए 91 लाख की रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में रायसिंहनगर थाना पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 11 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। इससे पहले पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इनोवा क्रिस्टा कार में 91 लाख कैश बरामद कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसमें बाप-बेटा भी शामिल थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मानवेंद्र (26) निवासी छत्तीसगढ़ (बीकानेर) व साहिल कुमार (20) निवासी रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर) के रूप में हुई है। रायसिंहनगर थाना पुलिस ने 29 दिसंबर की रात गश्त-नाकाबंदी के दौरान बाजुवाला चौक पर एक ईनोवा क्रिस्टा कार में सवार तीन आरोपियों को रोककर पूछताछ की थी। जिनके कब्जे से रंगदारी के 90 लाख 84 हजार 900 रुपए बरामद किए थे। पूछताछ के बाद एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। पिस्टल के साथ आरोपी पकड़ा, बेचने की फिराक में बस स्टैंड पर खड़ा था श्रीगंगानगर जिले की लालगढ़ जाटान थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध देशी पिस्टल के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिस्टल बेचने के लिए लाया था और किसी का इंतजार कर रहा था। लेकिन पुलिस ने पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लालगढ़ जाटान थाना प्रभारी गुरमेल सिंह बराड़ ने बताया- 2 जनवरी को पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान गणेशगढ़ बस स्टैंड के पास एक युवक संदिग्ध खड़ा हुआ दिखाई दिया। युवक पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा तो पुलिस ने घेरा डालकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने युवक से पूछताछ की तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उसकी तलाशी ली गई तो युवक के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल मिला। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनोज लाल (27) निवासी वार्ड नंबर-15 शिव कॉलोनी, श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। आरोपी श्रीगंगानगर से पिस्टल लेकर आया था और गणेशगढ़ में बेचने की फिराक में था। इसके बाद आरोपी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे। लेकिन पुलिस ने वारदात होने से पहले ही युवक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश का रिमांड लिया जाएगा। 1 किलो 572 ग्राम डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार, ग्रामीण इलाकों में सप्लाई करते थे घमूड़वाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गश्त के दौरान 1 किलो 572 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। साथ ही पुलिस ने तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान देवेंद्र कुमार (42) व राजेश कुमार (25) के रूप में हुई है। पकड़े गए दोनों आरोपी घमूड़वाली (श्रीगंगानगर) के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पदमपुर थाना प्रभारी सुमन जयपाल कर रही है। धर्मांतरण के मामले में आरोपियों की जमानत खारिज, अब हाईकोर्ट जाएंगे श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर में धर्मांतरण के मामले में सेशन कोर्ट ने तीन आरोपियों की जमानत खारिज कर दी है। अब ये आरोपी अपनी रिहाई के लिए राजस्थान हाईकोर्ट की शरण में जा सकते हैं। यह मामला पिछले साल 18 दिसंबर का है, जब श्रीकरणपुर के वार्ड नंबर 22 में लक्कड़ मंडी इलाके में गुरुद्वारा नानक दरबार से सटे एक किराए के मकान में अवैध रूप से चर्च चलाने और लोगों को लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने की शिकायत मिली थी। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर कुछ संदिग्धों को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से जर्मनी के दंपती सहित कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें राजेश कंबोज उर्फ पॉपी, बलजिंदर सिंह खोसा और केरल के एक निजी स्कूल प्रिंसिपल मैथ्यू शामिल हैं। वार्ड नंबर 14 निवासी शरद गुंबर ने इनके खिलाफ अवैध धर्मांतरण का मुकदमा दर्ज कराया था। मामला भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे संवेदनशील इलाके का होने से सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई थीं। जांच में पता चला कि आरोपी पैसे और अन्य प्रलोभन देकर गरीबों को धर्म बदलने के लिए उकसा रहे थे। अब सेशन कोर्ट द्वारा जमानत खारिज होने से आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वे अब जोधपुर हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर सकते हैं। पुलिस जांच जारी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


