लातेहार | जिले के नए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष (डीएलएसए) शेषनाथ सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय वेश्म में प्रेसवार्ता कर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आगामी महीनों में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीएलएसए का एकमात्र उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। पीडीजे ने बताया कि 17-18 जनवरी को लातेहार में पोक्सो अधिनियम एवं मोटर वाहन अधिनियम विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आमजन को कानून की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने डीएलएसए द्वारा नि:शुल्क प्रदान की जाने वाली विभिन्न कानूनी सेवाओं की जानकारी दी। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शिवम चौरसिया, निबंधक उत्कर्ष जैन, वरीय अधिवक्ता सुनील कुमार मौजूद थे।


