भास्कर न्यूज| सिमडेगा ॉ ओलंपिक खेलों में पहली बार भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाली भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 124वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत जामबहार गांव में अंडर–14 बालक वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रोपनी कुमारी एवं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी पूर्णिमा कुमारी के पैतृक गांव जामबहार के खेल मैदान में हॉकी सिमडेगा के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में स्थानीय खेल प्रेमियों द्वारा आयोजित की गई। फाइनल मुकाबले में जामबहार ग्रीन एटिन टीम ने जामबहार ब्लू एटिन को 2–0 गोल से पराजित कर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के समापन पर दोनों ही टीमों को हॉकी सिमडेगा की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम से पूर्व हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी,कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी,मुखिया रामचंद्र मांझी, खेल मैदान के भूमिदाता धनकुवर गुड़िया एवं चंद्र प्रधान, वरिष्ठ अभिभावक सहदेव मांझी, , सुषमा प्रधान सहित अन्य अतिथियों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर गांव के खेल मैदान एवं विद्यालय निर्माण हेतु अपनी निजी भूमि दान देने वाले भूमिदाता धनकुवर गुड़िया और चंद्र प्रधान को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।


