श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को समर्पित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा इंडस्ट्रियल एरिया से नगर कीर्तन सजाया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में सजा यह नगर कीर्तन अरदास के बाद नगाड़ों और जयकारों की गूंज के बीच श्रद्धा और भावनाओं के साथ शुरू हुआ। इस मौके पर गतका अखाड़े, नगाड़ा सेवा, विभिन्न गुरुद्वारा साहिबानों से आए शब्दी जत्थे, सुंदर वर्दियों में सजे धन्य धन्य माता गुजरी की सेवा सोसायटी के बच्चों, बैंड-बाजे और नामधारी स्त्री सभा के जत्थों ने शामिल होकर नगर कीर्तन की रौनक बढ़ाई। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से चलकर विभिन्न क्षेत्रों से होता हुआ गुरुद्वारा छावनी निहंग सिंहां में पहुंचा जहां गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी से मनिंदर पाल सिंह गुंबर, इंदरप्रीत सिंह पायलट, सुरेंद्र सिंह, हरबंस सिंह, भूपेंद्र सिंह खरबंदा, मास्टर अमरीक सिंह, बहादुर सिंह, अजीत सिंह द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और पांच प्यारों को सिरोपा प्रदान कर सम्मानित किया । वहां से चलकर अन्य क्षेत्रों से होता हुआ गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के चरणों में अरदास कर नगर कीर्तन का समापन किया गया। नगर कीर्तन में पालकी साहिब के आगे संगत ने फूलों की वर्षा और सफाई की सेवा निभाई। संस्थाओं और संगत द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया । नगर कीर्तन में धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा एसजीपीसी के मुख्य सचिव जत्थेदार कुलवंत सिंह मन्नत, पूर्व विधायक केडी भंडारी, रणजीत सिंह राणा और गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर नगर के प्रधान कंवलजीत सिंह टोनी मनजीत सिंह ठुकराल कंवलजीत सिंह भी नतमस्तक हुए। नगर कीर्तन में शामिल प्रमुख व्यक्तियों को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया । नूर-ए-पंजाब संस्था के सेवादारों ने सड़क पर बिखरे हुए डिस्पोजल ग्लास और प्लेट साफ कर रास्ते की सफाई की। इस मौके पर विभिन्न व्यंजनों के लंगर लगाए गए। प्रधान हरभजन सिंह सैनी ने सभी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। यहां भूपेंद्र सिंह बेदी, नरेंद्र सिंह, सोहन सिंह झीता, जसबीर सिंह मनचंदा, सतेंद्र सिंह सोढ़ी, कुलविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह, हरविंदर सिंह नागी मौजूद रहे।


