ट्रैफिक पुलिस द्वारा जागरूकता सेमिनार आयोजित

भास्कर न्यूज | जालंधर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी मंथ के तहत शनिवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (ट्रैफिक) गुरबाज सिंह के नेतृत्व में नामदेव चौक पर आयोजित किया गया। इस सेमिनार के दौरान मुख्य रूप से टैक्सी ड्राइवरों को चुना गया। ट्रैफिक पुलिस की टीम ने चालकों को सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में जोन इंचार्ज-02 एसआई सतनाम सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ मौजूद रहे। एजुकेशन सेल के इंचार्ज एएसआई शमशेर सिंह ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर आपकी एक छोटी सी लापरवाही न केवल आपकी जान जोखिम में डालती है, बल्कि दूसरों के लिए भी घातक हो सकती है। उन्होंने अपील की कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और ट्रैफिक लाइट के नियमों का कड़ाई से पालन करें ताकि कीमती जान और माल को बचाया जा सके। जागरूकता अभियान के तहत पुलिस कर्मियों द्वारा ड्राइवरों को ट्रैफिक नियमों से संबंधित पंपलेट भी बांटे गए, जिनमें सड़क संकेतों और कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई थी। सेमिनार के समापन पर सभी उपस्थित वाहन चालकों ने पूरी निष्ठा के साथ ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ ली। एएसआई ने बताया कि रोड सेफ्टी मंथ 31 जनवरी तक चलेगा और हर रोज लोगों को ट्रैफिक नियमों प्रति जागरूक किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *