गिरिडीह में 120 महिलाओं से समूह लोन के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपये ठगी का मामला सामने आया है। यह पूरा मामला गावां थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। यहां जमडार निवासी रविशंकर मोदी पिछले 4 वर्षों से लोन देने वाले कर्मियों से मिलकर महिलाओं को लोन दिलाने का काम करता था। फाइनेंस कर्मियों को खिला-पिलाकर उन्हीं महिलाओं को लोन दिलाता था जिसका पैसा वो बेवकूफ बनाकर खाता से निकाल सके। यह वाकया करीब चार साल से चल रहा था। इस दौरान दो दर्जन से अधिक ऐसी महिलाएं थी जिनका लोन उसे बताए बगैर लिया और उसे नियमित समय पर चुका भी रहा था। यही कारण है कि महिलाओं को इस बात का पता देर से चला। इसी तरह करते करते 100 से अधिक महिलाओं के नाम पर लोन पास करवाकर आधार अपडेट करवाने के बहाने अंगूठा लगवाकर उसे अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। बाद में मौका देखकर अपने घर को भी 35 लाख रुपए में गांव के ही एक व्यक्ति को बेचकर लखनऊ फरार हो गया है। जब कंपनी के कर्मियों द्वारा लोन की राशि जमा करने के लिए महिलाओं को कहा गया, तब महिलाओं के पसीने छूटने लगे। महिलाओं ने कहा लोन नहीं लिया, तो हुआ खुलासा महिलाओं ने जब कहा कि उन्होंने लोन लिया नहीं है तो कंपनी के लोगों ने बताया कि 120 महिलाओं के खाते मे लोन पास हुआ है। धीरे धीरे खुलासा हुआ कि सभी महिलाओं के नाम पर लोन पासकर रविशंकर मोदी पैसा धोखे से पैसा अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया है। इधर शुक्रवार को वह अपने घर व दुकान का सारा सामान पिकअप में लादकर यूपी फरार होने वाला था कि महिलाओं ने वाहन को पकड़ लिया। साथ ही कड़ाई से रविशंकर मोदी के बारे में पूछताछ करने लगी। इसकी सूचना गावां थाना पुलिस को मिली तो चालक व वाहन को समान समेत थाना ले आया। शनिवार सुबह थाना से निकलकर वाहन पुनः जमडार पहुंचा था तो फिर से महिलाओं ने वाहन को रोककर बलहारा-पटना पथ को जाम कर दिया। 3 घंटे तक महिलाओं ने सड़क रखा जाम करीब 3 घंटे तक सड़क जाम रहा। इसके बाद गावां थाना प्रभारी महेश चंद्र गावां अंचलाधिकारी अविनाश रंजन जमडार पहुंचे व महिलाओं से जानकारी ली व आरोपी के सामान को जब्त करते हुए उसे सील करने व उसपर मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया, तब महिलाओं ने जाम हटाया। महिला रूबी देवी पति खीरो राय, ललिता देवी विनोद राय, शहनाज खातून, कौशल्या देवी पति अर्जुन राय, रीना देवी पति कैलाश राय, रेखा देवी पति लखन तुरी, मुन्नी देवी राजकुमार राय, जहिना खातून पति मुस्लिम अंसारी आदि ने बताया कि किसी महिला के नाम पर 35 हजार तो किसी के नाम पर 40 हजार, तो किसी के नाम पर 50 हजार का लोन उठाया है। उन्हें समूह लोन देने वाली कंपनी भारत फाइनेंस से जब लोन जमा करने का प्रेशर आने लगा तब लोन की जानकारी हुई। कहा कि फर्जीवाड़ा कर ग्रामीण महिलाओं को पहले कंपनी की मिलीभगत से लोन दिलवाया और बाद में उसके खाते से पैसा निकालकर फरार हो गया है। आरोपी युवक के घर का सामान व समान ले जा रहे पिकअप वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। रिश्तेदार के घर में रखा सामान और कमरा सील इस मामले में थाना प्रभारी महेश चंद्र ने कहा कि आरोपी युवक के रिश्तेदार के घर में जहां सामान रखा गया था उसे एक कमरा में रखवाकर सीओ के मौजूदगी में सील कर दिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर करवाई की जा रही हैं।


