मुलताई में शनिवार को ताप्ती माता मंदिर की दान पेटी खोली गई। इसमें भक्तों की अर्पित 6 लाख 50 हजार रुपए से अधिक की नकद राशि प्राप्त हुई है, जबकि चिल्लर की गिनती अभी जारी है। मंदिर की दान पेटी लगभग छह माह के अंतराल पर खोली गई है। इससे पहले यह 5 जुलाई 2025 को खोली गई थी। नकद राशि के अतिरिक्त, दान पेटी से सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण भी प्राप्त हुए हैं, जिनकी अलग से नपाई और सूची तैयार की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई गणना दान पेटी खोलने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गडेकर, तहसीलदार संजय बारिया, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार और मंदिर ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहे। मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि प्राप्त दान का उपयोग मंदिर के विकास कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।


