अंबाह थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक कपड़ा व्यापारी की दुकान पर सरेआम फायरिंग की गई। करन पेट्रोल पंप के सामने स्थित दुकान पर डीके सखवार नामक युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर गोली चलाई। इस पूरी घटना का फुटेज दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। दुकानदार प्रकाश कटारिया (निवासी बड़फरा, मुरैना रोड) के अनुसार, शनिवार दोपहर में डीके सखवार उनके दोस्त के घर में जबरन घुसने की कोशिश कर रहा था। जब प्रकाश ने उसे रोका, तो उसने गाली-गलौज करते हुए देख लेने की धमकी दी। शाम को सखवार अपने एक साथी के साथ अपाचे बाइक पर सवार होकर प्रकाश की दुकान पहुंचा। उसने फिर से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए कमर से कट्टा निकालकर दुकान की ओर फायर झोंक दिया। बाल-बाल बचे व्यापारी, आरोपी फरार गनीमत रही कि गोली प्रकाश कटारिया को नहीं लगी और दुकान के बोर्ड में जा धंसी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में दहशत का माहौल है। आरोपियों की तलाश जारी पीड़ित व्यापारी ने तत्काल अंबाह थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फायरिंग करने वाले डीके सखवार और उसके फरार साथी की तलाश के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।


