अमनदीप सिंह उत्तरी हलके की वार्ड 16 के के लोग रोजमर्रा की परेशानियों से जूझ रहे हैं। गोकुल विहार में आवारा कुत्तों की समस्या ने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। वहीं, जवाहर नगर में कई सीवरेज चैंबर ब्लॉक हैं, जिससे पानी जमा होने और बदबू की समस्या उत्पन्न हो रही है। न्यू जवाहर नगर की सड़कों की स्थिति बेहद खराब है और यहां सीवरेज ढक्कनों के टूटे या टेढ़े होने के कारण चलना मुश्किल हो गया है। बोहड़ वाला शिवाला में मुख्य सड़क कई हिस्सों से टूटी हुई है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। जगदंबे कॉलोनी में कूड़े की लिफ्टिंग न होने के कारण गंदगी फैल रही है। इसके अलावा, टूटी सड़कों और सीवरेज के ढक्कनों की स्थिति ने वहां के निवासियों का जीवन कठिन कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से इन मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन पार्षद और निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों ने अपील की है कि उनके वार्ड की सुध ली जाए और इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। जगदंबे कॉलोनी के खाली प्लॉट में कूड़ा। बोहड़ वाला शिवाला मेन रोड पर गड्ढे। जवाहर नगर में ब्लॉक चैंबर। वार्ड में घूमते आवारा कुत्ते। जगदंबे कॉलोनी में टूटी सड़क और जाम सीवरेज। सोनी निवासी न्यू जवाहर नगर ने बताया कि सड़कों की स्थिति बहुत खराब है और सीवरेज ढक्कनों की परेशानी बनी हुई है। बच्चों को स्कूल जाते समय परेशानी होती है। प्रशासन को तुरंत सुधार के लिए कदम उठाना चाहिए। वार्ड पार्षद संदीप शर्मा रिंका ने कहा कि उन्होंने वार्ड में कई गलियां बनाई हैं। जो गलियां रहती है, वहां भी जल्द ही हाउस की मीटिंग में फंड जारी करवाने के बाद पैच वर्क शुरू किया जाएगा। वह रोजाना इलाकों में चैंबर और सीवरेज जैसी समस्याएं हल करवाते रहते है। लोग कभी भी उनसे मिलकर समस्या बता सकते हैं। महिंदर सिंह निवासी बोहड़ वाला शिवाला ने बताया कि मुख्य सड़क कई हिस्सों से टूटी हुई है। बारिश में यह और खराब हो जाती है। वाहन चालकों और पैदल लोगों के लिए यह खतरे का कारण बन रही है। भाजपा से चुनाव लड़े राजीव कुमार ने बताया कि वार्ड में बुरा हाल है। लोगों के काम समय पर नहीं किए जा रहे हैं। एक साल से लोग मुश्किलों में जूझ रहे है। कूड़े की लिफ्टिंग नहीं हो रही, सड़कें कई जगहों से टूटी हैं। इसके साथ चैंबर तक ब्लॉक हैं। बावजूद इसके समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। बलदेव राज निवासी जगदंबे कॉलोनी ने बताया कि कॉलोनी में कूड़े की गाड़ी नहीं पहुंचती, जिस कारण लोग खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। इससे यहां गंदगी व बदबू के हालात बन गए हैं। नरेश कुमार निवासी गोकुल विहार ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या गंभीर है। बच्चे स्कूल जाते समय डरते हैं और बुजुर्ग सुरक्षित नहीं हैं। प्रशासन को आवारा कुत्तों पर नियंत्रण करना चाहिए।


