गुरु अमरदास थर्मल प्लांट गोइंदवाल साहिब के बाहर ट्रक ड्राइवरों का प्रदर्शन

गुरु अमरदास थर्मल प्लांट, गोइंदवाल साहिब के बाहर राख (फ्लाई ऐश) की ढुलाई करने वाले ट्रक ड्राइवरों ने प्लांट प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ट्रक ड्राइवरों-गुरदेव सिंह, दलजीत सिंह, जसपाल सिंह, बलराज सिंह, बलजिंदर सिंह, रफी खान और गुरवेल सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने थर्मल प्लांट के भीतर ट्रकों के लिए मुफ्त कंडा (वजन) की सुविधा उपलब्ध करवाई है, इसके बावजूद संबंधित अधिकारी कंडा बंद कर उन्हें बाहर निजी कंडे पर वजन करवाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। ड्राइवरों का कहना है कि प्लांट प्रबंधन जानबूझकर निजी कंडा मालिकों को अनुचित लाभ पहुंचाने की मंशा से उन्हें परेशान कर रहा है। उन्होंने बताया कि बाहर सड़क पर वजन करवाने से उन पर आर्थिक बोझ पड़ता है और साथ ही सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। प्रदर्शन में शामिल अन्य ड्राइवरों कैप्टन सिंह, हरचरण सिंह, संतोष सिंह, सुखबीर सिंह और सुरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि निजी कंडा मालिक कथित तौर पर प्लांट प्रबंधन को ‘कमिशन’ देते हैं, जिसके चलते तकनीकी खराबी जैसे बहाने बनाकर उन्हें अंदर वजन करने से रोका जा रहा है। ड्राइवरों ने पंजाब सरकार से मांग की है कि सरकार की छवि खराब करने वाले भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और ट्रकों का वजन प्लांट के भीतर लगे सरकारी कंडे पर ही सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में थर्मल प्लांट अधिकारी हरजीतपाल सिंह देवगन ने सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि वे किसी भी निजी कंडा मालिक से कोई कमीशन नहीं लेते। उन्होंने सफाई दी कि प्लांट के वजन कंडे में तकनीकी खराबी आने के कारण पिछले चार दिनों से ट्रकों का वजन अंदर नहीं हो पा रहा है। हालांकि, कंडे में आई खराबी के विवरण और उसे ठीक करने में लग रहे समय को लेकर अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *