भाजपा के लाहौरी गेट स्थित कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल अटल जी को स्मरण करना नहीं, बल्कि उनके विचारों, मूल्यों और राष्ट्रवादी दृष्टि को आज के भारत और अधिक सशक्त करना रहा। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक व्यक्ति नहीं थे, बल्कि विचार, संकल्प और राष्ट्र-निर्माण की जीवंत चेतना थे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने भारतीय राजनीति को लोकतांत्रिक गरिमा, मानवीय संवेदना और वैचारिक दृढ़ता का मार्ग दिखाया। एक कवि, पत्रकार और प्रखर वक्ता के रूप में उन्होंने राजनीति को सत्ता का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र-निर्माण का माध्यम बनाया। जनसंघ से भाजपा तक संगठन निर्माण में अटल जी द्वारा स्थापित वैचारिक अनुशासन और कार्यकर्ता-संस्कृति आज भी भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि अटल जी का यह संदेश ‘छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता’, आज के युवाओं को आत्मविश्वास, धैर्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। जय जवान, जय किसान के साथ जय विज्ञान जोड़कर उन्होंने भारत को 21वीं सदी की दिशा दिखाई, वहीं पोखरण परमाणु परीक्षण ने देश के स्वाभिमान और आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए उन्होंने अटल जी के शब्दों को दोहराया कि ‘कांग्रेस सत्ता में उतनी खतरनाक नहीं है, जितनी विपक्ष में है।’ आज कांग्रेस नकारात्मक राजनीति, भ्रम फैलाने और देश की एकता को कमजोर करने के प्रयासों में लगी हुई है, जिसे देश की जनता भली-भांति समझ चुकी है।


