नापसंद किया तो दूल्हे के भाई की मूंछ-बाल काटे:लड़के पक्ष के लोगों को बनाया बंधक, अपमान समझकर की मारपीट

करौली में गोद भराई की रस्म के दौरान युवती को नापसंद करना युवक पक्ष को भारी पड़ गया। लड़की पक्ष के लोगों ने अपमान समझकर लड़के के परिजनों को बंधक बना लिया और लड़के के भाई की मूंछ और बाल काट दिए। मामला शनिवार दोपहर 12 बजे नादौती थाना इलाके का है। जिसका वीडियो अब सामने आया है। टोडाभीम थाना इलाके का युवक रेलवे में स्टेशन मास्टर है। युवक अपने परिजनों के साथ गोद भराई की रश्म के लिए नादौती थाना इलाके में आया था। रस्म के दौरान जब लड़की को चौकी पर बैठाया गया, तो लड़के के भाई और बहन ने लड़की को नापसंद करते हुए गोद भरने से इनकार कर दिया। जिसके चलते वधू पक्ष के लोग नाराज हो गए और उन्होंने मौके पर अन्य लोगों को एकत्रित किया। बंधक बनाकर काटी मूंछें
उन्होंने लड़के के पिता, चाचा और छोटे भाई को जबरन रोक लिया और पंच पटेलों को बुलाकर मामले को निपटाने की बात कही। लड़की पक्ष के लोगों ने इसे अपमान समझते हुए लड़के वालों को बंधक बना लिया। उसके बाद लड़के और उसके भाई को पीटा। लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के भाई को पकड़कर उसकी मूंछ और बाल काट लिए। भाई और बहन ने किया इनकार
लड़के ने बताया कि दुल्हन पक्ष के लोग बिना दुल्हन को दिखाए सगाई करना चाह रहे थे। मेरी छोटे भाई और बहन ने सगाई से इनकार कर दिया। वीडियो में रुपए देकर राजीनामा के आरोप लगाए हैं। युवक ने बताया कि मेरे साथ गलत हुआ। युवक ने समाज और पुलिस से मदद की मांग की है। दोनों पक्षों ने दर्ज नहीं कराई रिपोर्ट
नादौती थाना प्रभारी महेंद्र कुमार ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक लड़के पक्ष के लोग अपने गांव निकल गए थे। इसके बाद पुलिस टीम लड़के पक्ष के गांव पहुंची और उनसे बात की। उन्होंने पंच-पटेलों, रिश्तेदारों से बात करने के बाद ही पुलिस में मामला दर्ज कराने की बात कही है। अभी दोनों पक्षों की ओर से शिकायत नहीं मिली है। पुलिस निगरानी और कार्रवाई में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *