बूंदी के नैनवां क्षेत्र में शनिवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना देई-नैनवां मार्ग पर धुकलिया कुई के पास बागरी बस्ती के घुमाव पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। मृतक युवकों की पहचान गुजरिंया खेड़ा निवासी अर्जुन सिंह राजपूत और सत्यनारायण मीणा के रूप में हुई है। देई एसएचओ रामेश्वर जाट के अनुसार, दोनों युवक देई से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि ट्रक ने बाइक सवारों को कुचलते हुए आगे निकल गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल युवकों को तत्काल देई अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया है और आगे की जांच में जुटी है। ट्रक ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।


