बारां जिले के कवाई कस्बे में एक ज्वेलरी शॉप से दो शातिर बदमाशों ने 7 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार मनोज सोनी की दुकान पर शाम करीब पौने चार बजे दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। एक युवक दुकान के बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा अंदर जाकर सोने की बाली देखने का बहाना बनाकर बैठ गया। जब दुकानदार ने काउंटर से डिब्बा निकाला, तो शातिर युवक ने उन्हें बातों में उलझा लिया। इसी दौरान वह देखने के बहाने काउंटर की ओर झुका और कुछ ही सेकंड में बॉक्स में रखी सोने के टॉप्स की थैली चुराकर अपने पास छिपा ली। इसके बाद दोनों युवक वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब दुकानदार को थैली गायब मिली, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चोरी की पूरी वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। करीब साढ़े 7 लाख रुपए है गहनों की कीमत
दुकानदार मनोज सोनी ने बताया कि काउंटर में डिब्बे में एक थैली में रखे सोने के गहनों का वजन करीब 95 ग्राम है, जिनकी कीमत करीब 7 लाख रुपए है। शातिर बदमाशों द्वारा की गई चोरी की यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिए हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। पीड़ित ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवा दिया है। कवाई थानाधिकारी देवकरण चौधरी ने बताया कि मुख्य बाजार से सुनार की दुकान पर ज्वेलरी चोरी होने की शिकायत मिली है। मौके पर तुरंत जाप्ते को भेजकर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।


