जोधपुर बासनी फेज सेकंड स्थित बासनी गांव के लगभग 500 घरों की बस्ती में पिछले कई दिनों से प्रदूषित आ रहा है। इससे लोग काफी परेशान हैं। इसकी शिकायत पीएचईडी विभाग को की लेकिन समस्या का कोई समाधान नही हुआ है। लोगों का कहना है कि पानी केमिकल युक्त है। इस समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद सुरेश मेघवाल तथा पार्षद रमेश प्रजापत ने भी विभाग के अधिकारियों का अवगत कराया लेकिन समस्या अभी भी बरकरार है । यह पानी दाऊजी की होटल एम्स तिराहे से होते हुए बासनी गांव की लाइन आ रही है जिसमें लीकेज के कारण गन्दे नाले में बहने वाला पानी इस लाइन में आ रहा है जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। पीएचईडी जेईएन मोहित जैन ने बताया कि मोहल्ले में करीब 20 दिन पहले गंदा पानी आने की शिकायत मिली थी जिस पर चेक किया तो एक नाले में पाइप की क्रॉसिंग हो रही थी जो कि टूटा हुआ पाया गया उसको ठीक कर दिया गया था। उसके बाद पेयजल सप्लाई सही हो गई थी। लेकिन कुछ समय बाद फिर शिकायत आई तो भंवरजी का ढाबा पर क्रॉसिंग में टेक्सटाइल वाटर आ रहा था वहां चेक करके टेक्सटाइल कनेक्शन काट दिया गया था और लीकेज को हटा दिया गया था। विभाग की टीम पॉसिबल लोकेशन चेक करने में लगी हुई है। दाऊजी के होटल से लेकर घासीरामजी की गली तक रिलायंस चेक की जाएगी ताकि लीकेज पकड़ में आ सके। फिर भी पकड़ में नहीं आती है तो सप्लाई काटकर पेयजल सप्लाई की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। कॉलोनी में टैंकर या अन्य तरीके से पानी पहुंचाया जाएगा। पेयजल लाइन पुरानी होने से भी लीकेज की समस्या आ रही है।


