इंदौर में एटीएम से रुपए निकालने गए एक बुजुर्ग के साथ शातिर ठगों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। तीन बदमाशों ने उन्हें बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और पिन देख लेने के बाद दूसरे एटीएम से करीब 55 हजार रुपए निकाल लिए। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने शनिवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक पीड़ित राजेश जोशी (65) निवासी सत्यम विहार, ईएसआई कंपाउंड, नंदानगर सहकारी संस्था के नीचे स्थित एटीएम पर रुपए निकालने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने कार्ड मशीन में लगाया, तभी पीछे से एक युवक आया और बोला कि मशीन हैंग हो गई है। उसने कार्ड निकालकर दोबारा डालने को कहा। इसी दौरान दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। तीनों ने मिलकर बुजुर्ग को जल्दबाजी में उलझा दिया और उनका असली एटीएम कार्ड लेकर नकली कार्ड थमा दिया। रुपए न निकलने पर बुजुर्ग वहां से चले गए। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर पहले 20 हजार और फिर 35 हजार रुपए निकाले जाने के मैसेज आए। ठगी का अहसास होते ही बुजुर्ग ने हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर अपना एटीएम कार्ड बंद कराया और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले हैं। जांच में सामने आया है कि इसी तरह के संदिग्ध पहले भी छत्रीपुरा क्षेत्र में वारदात कर चुके हैं, हालांकि उस समय एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी और आवेदन लेकर जांच की गई थी। छत्रीपुरा में भी कर चुके हैं इसी तरह की ठगी करीब डेढ़ माह पहले यही संदिग्ध तीन युवक छत्रीपुरा क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। तब बदमाशों ने रेडियो चौक निवासी दिलीप कातोरे को एटीएम पर रुपए निकालते समय झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया था और बाद में उनके खाते से करीब 65 हजार रुपए निकाल लिए थे। हालांकि उस समय पीड़ित दिलीप कातोरे से पुलिस ने केवल शिकायती आवेदन लिया था और मामले की जांच शुरू की गई थी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। अब नए मामले के सामने आने के बाद पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है।


