प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में 25 साल के युवक की मौत हो गई। शनिवार देर रात सुहागपुरा पुलिया के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार प्रमोद उर्फ चीकू निवासी छायाण को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रमोद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुहागपुरा थानाधिकारी छबिलाल ने बताया-मृतक प्रमोद विष्णु का पुत्र था, जो प्रतापगढ़ के प्राइवेट बस स्टेशन पर चाय का ठेला लगाता था। शनिवार शाम को काम से लौटते समय यह हादसा हुआ। रविवार दोपहर परिजनों द्वारा जिला अस्पताल की मोर्चरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रमोद परिवार का एकलौता बेटा था। उसकी छह महीने पहले सुहागपुरा क्षेत्र में सगाई हुई थी और अप्रैल में शादी होनी थी। प्रमोद के पिता मजदूरी करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। परिवार में एक छोटी बहन भी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


