धौलपुर के कसाई पाड़ा मोहल्ले में एक युवक का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिला। घटना शनिवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के फूटे दरवाजे के पास हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पहचान आशीष शर्मा (45) पुत्र विश्वनाथ शर्मा के रूप में हुई है। वह पेशे से ज्योतिष का कार्य करता था। परिजनों ने बताया कि आशीष की पत्नी अपने बेटे के साथ ग्वालियर स्थित मायके में रहती है और वह घर में अकेला रहता था। शनिवार शाम को मोहल्लेवासियों को आशीष के घर से दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा खोला, जहां आशीष का शव फंदे पर लटका हुआ पाया गया। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शव दो-तीन दिन पुराना प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


