बैतूल में घना कोहरा:11.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा, ठंडी हवाओं से बड़ी ठिठुरन

बैतूल में ठंड का दौर एक बार फिर लौट आया है। रविवार को यहां न्यूनतम तापमान घटकर 11.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि अधिकतम पारा 26 डिग्री दर्ज हुआ। सुबह के समय जिलेभर में घने कोहरे की चादर छाई रही और कई इलाकों में सुबह 10 बजे तक सूरज के दर्शन मुश्किल रहे। पिछले एक सप्ताह में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 26 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और अधिकतम 25.0 डिग्री था। इसके बाद 27 दिसंबर को 8.7/24.7 डिग्री और 28 दिसंबर को 8.5/24.8 डिग्री रहा। नए साल की शुरुआत के साथ पारे में बढ़ोतरी हुई। 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि 3 जनवरी को रात का पारा 12.5 डिग्री और दिन का 26.2 डिग्री दर्ज हुआ। 4 जनवरी को तापमान फिर गिरकर न्यूनतम 11.5 डिग्री और अधिकतम 26.0 डिग्री पर आ गया, जो एक दिन में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्शाता है। आसमान पर बादल छाए रहने और उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाएं ठंडक बनाए हुए हैं। दिन में धूप निकलने के बावजूद वातावरण में गलन महसूस हो रही है, वहीं शाम ढलते ही हवाएं और अधिक ठंडी व सिहरन भरी हो जाती हैं। घने कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आई है, जिससे सुबह के समय वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मध्य प्रदेश में सर्दी का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। ठंड और कोहरे का असर खेती पर भी दिख रहा है। कृषि विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार कोहरे और कम धूप से चना और मटर जैसी फसलों को नुकसान होने की आशंका है। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों में रोग लगने का खतरा भी बढ़ गया है। किसानों को सुबह के समय छिड़काव या सिंचाई से बचने की सलाह दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *