रीवा में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सिरमौर थाना क्षेत्र में 82 साल की आदिवासी बुजुर्ग महिला के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। घटना 10 दिसंबर की है, लेकिन स्थानीय पुलिस ने बुजुर्ग की फरियाद नहीं सुनी। थक-हारकर पीड़िता रविवार को महिला थाने पहुंची, तब जाकर मामला दर्ज हुआ। आरोपी का नाम सुग्गा साकेत बताया गया है। बुजुर्ग महिला घर पर अकेली रहती है, जबकि उसके परिवार के लोग मजदूरी करते हैं। पीड़िता ने बताया कि रात के अंधेरे में पड़ोसी सुग्गा साकेत घर में घुस आया। उसने पहले बुजुर्ग का गला दबाया। गला दबाने से जब महिला बेहोश हो गई, तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। 25 दिन तक भटकती रही पीड़िता
घटना के बाद बुजुर्ग ने परिजनों को आपबीती बताई। परिजन उसे लेकर सिरमौर थाने पहुंचे, लेकिन वहां पुलिस ने न तो FIR दर्ज की और न ही मेडिकल कराया। बुजुर्ग महिला न्याय के लिए भटकती रही। शनिवार-रविवार को जब वह परिजनों के साथ रीवा महिला थाने पहुंची, तब मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया। अब जाकर हुआ मेडिकल और FIR
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि घटना 10 दिसंबर की है। पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उसका मेडिकल कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।


