राजगढ़ थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान दर्ज अपराधों के निराकरण को लेकर पुलिस ने अपनी रिपोर्ट जारी की है। आंकड़ों के अनुसार, पूरे साल में कुल 468 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 449 मामलों का निराकरण किया गया। पुलिस के अनुसार, इससे फरियादियों को समय पर राहत मिल सकी। नाबालिगों से जुड़े मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की। वर्ष 2025 में अपहरण के 49 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 41 अपहृत किशोरियों को तलाश कर सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया। शेष मामलों में जांच जारी बताई गई है। इन अपराधों का किया निराकरण
गंभीर अपराधों की बात करें तो पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हत्या के 2, हत्या के प्रयास के 2 और बलात्कार के 18 मामले दर्ज हुए थे। पुलिस का दावा है कि इन सभी मामलों का निराकरण कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। आबकारी अधिनियम के तहत 48 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 53 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इन मामलों में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। डकैती, लूट और चोरी से जुड़े कुल 71 मामलों में से अधिकांश का निराकरण किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद की गई संपत्ति को संबंधित फरियादियों को लौटाया गया। 737 मामलों में लोगों को बाउंड ओवर किया
इसके अलावा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कालाबाजारी के दो मामले दर्ज किए गए, जिनमें करीब 15 लाख 31 हजार 700 रुपये मूल्य का खाद्य तेल जब्त किया गया। अन्य धाराओं में दर्ज प्रकरणों के निराकरण का भी पुलिस द्वारा दावा किया गया है। वहीं, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत वर्ष 2025 में 737 मामलों में लोगों को बाउंड ओवर किया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।


